लुधियाना बठिंडा राज मार्ग पर ट्रैक्टर ट्राली और जीप की भिड़ंत के बाद दोनों वाहन 11 हजार वोल्टेज हाई टेंशन लाइन के खंबे से टकरा गए। मंगलवार तड़के पांच बजे के करीब हुई इस दुर्घटना के बाद हाई वोल्टेज तारें आपस में टकराई जिससे बम फटने जैसी आवाज दूर दूर तक सुनाई दी। गनीमत रही कि दुर्घटना के बाद बिजली सप्लाई बंद हो गई और दोनों वाहनों के चालक और उनके साथ बैठे सभी लोगों की जान बच गई।
पूरे इलाके में बिजली सप्लाई बंद होने के बीच राजनीतिक ड्रामा भी चरम पर रहा। जीप मालिक ने सीधे पंजाब के मुख्यमंत्री निवास से विधायक बलकार सिद्धू से फोन की घंटी खड़कवा दी जिसके बाद सुधार पुलिस ट्रैक्टर ट्राली चालक से पॉवरकाम के नुकसान की भरपाई का दबाव बनाने लगी। वहीं ट्रैक्टर ट्राली चालक ने लुधियाना पुलिस प्रमुख और संबंधित डीएसपी दफ्तर में फोन करवा दिया। दोनों वाहन मालिकों की ऊंची पहुंच का खामियाजा अब पॉवरकाम को भुगतना पड़ रहा है।
पॉवरकाम अधिकारी ने बताया कि राजस्थान के जीप मालिक की सिफारिश भी सीधे मुख्यमंत्री आवास से आई है और ट्रैक्टर ट्राली चालक ने भी अपनी उंची पहुंच के जरिये जिला लुधियाना ग्रामीण पुलिस के उच्च अधिकारियों से फोन करवा दिया है।