पावरकॉम खन्ना सर्कल के अधीन सरहिंद, भादसों और अमलोह इलाके में कृषि के लिए बिजली न आने से परेशान किसानों ने शुक्रवार को एसई दफ्तर के बाहर जीटी रोड जाम किया। इस दौरान पंजाब सरकार और पावरकॉम के खिलाफ नारेबाजी की गई।
किसान संघर्ष कमेटी के बैनर तले दिए इस धरने में करीब 12 गांवों के किसान शामिल हुए। प्रदर्शनकारी दविंदर सिंह जल्ला, अमनदीप सिंह जिंदलपुर और सरबजीत सिंह रंगेड़ी ने बताया कि सरहिंद, भादसों और अमलोह इलाके में एक सप्ताह से कृषि के लिए पूरे दिन में केवल 15 मिनट ही बिजली आ रही है। आलू और सब्जियां सूखी पड़ी हैं। गेहूं को भी नुकसान हो रहा है।
मजबूरी में उन्हें सर्किल दफ्तर बाहर रोड जाम करना पड़ा है। किसानों ने शनिवार सुबह तक का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि अगर सुबह नौ बजे तक यह मसला हल नहीं हुआ तो वे ट्रैक्टर ट्रालियां लेकर सर्किल दफ्तर के बाहर रोड जाम कर देंगे। इस अवसर पर मनदीप सिंह, प्रदीप सिंह, हरदीप सिंह, गुरमीत सिंह, प्रकाश सिंह, गुरदीप सिंह, अमनदीप सिंह, चमकौर सिंह, गुरदीप सिंह, दविंदर सिंह, गुरपिंदर सिंह, सुखदेव सिंह और रणधीर सिंह मौजूद थे।
कोहरे के कारण आई दिक्कत : एक्सईएन
एक्सईएन कुलवीर सिंह ने कहा कि सर्दी के मौसम में कोहरे की दस्तक से दिक्कत आई है। हेडक्वार्टर पर ही कोई फाल्ट है, जिसे ठीक किया जा रहा है। उम्मीद है कि बहुत जल्द फाल्ट ठीक हो जाएगा।