यूनाइटेड साइकिल एंड पार्ट्स मैन्यूफेक्चरर्स एसोसिएशन के बैनर तले 28 फरवरी से दो मार्च तक यूनाइटेड इंडिया इंटरनेशनल साइकिल एवं फिटनेस एक्सपो का आयोजन लुधियाना में किया जाएगा।
इस एक्सपो में ताईवान, जर्मनी और चीन देशों से पंद्रह और देश से 135 साइकिल एवं पार्ट्स निर्माता अपनी लेटेस्ट तकनीक एवं मॉडल डिस्पले करेंगे। मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल इस अंतरराष्ट्रीय एक्सपो का उद्घाटन करेंगे। एक्सपो में शामिल होने के लिए देश-विदेश के 26 हजार साइकिल डीलरों को न्योता दिया गया है।
इस आयोजन से लुधियाना के साइकिल उद्यमियों को सौ करोड़ रुपये से अधिक का बिजनेस होने का अनुमान है। साइकिल उद्योग द्वारा डिस्पले होने वाली इनोवेशन, नए मॉडल्स और तकनीक के दम पर अगले वित्त वर्ष के लिए मार्केटिंग का पूरा रोड मैप तय हो जाएगा।
एसोसिएशन के प्रधान चरणजीत सिंह विश्वकर्मा का दावा है कि इस एक्सपो से साइकिल उद्योग को नई दिशा मिलेगी, खास कर हाई-एंड साइकिलों के लिए नया रास्ता तैयार होगा। विदेशी खिलाड़ियों का फोकस अधिकतर हाई एंड साइकिलों पर ही है और भविष्य का बाजार भी उसी दिशा में बढ़ रहा है।
एक्सपो के दौरान पहली बार साइकिल पर कांफ्रेंस का आयोजन किया जा रहा है। इसमें हीरो साइकिल्स लिमिटेड के एमडी पंकज मुंजाल सहित साइकिल उद्योग के दिग्गज छोटे उद्यमियों को बेहतर भविष्य, विकास और विस्तार का गणित समझाएंगे। आम लोगों को साइकिल की सवारी करने के लिए जागरूक करने को साइकिल रैली और विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। स्कूलों-कॉलेजों में भी युवाओं को इस बारे में जागरूक करने के लिए अभियान चलाया गया है।
विश्वकर्मा ने कहा कि एक्सपो में साइकिलों के सैकड़ों नए मॉडल, रिक्षा, ई-बाइक्स, फिटनेस इक्विपमेंट में नई इनोवेशन को लोगों के सामने पेश किया जाएगा। इस अवसर पर विदेशी निर्माताओं के साथ-साथ विदेशी खरीदार भी आएंगे। छोटे साइकिल एवं पार्ट्स निर्माताओं को सीधे विदेशी खरीदारों से संपर्क में आकर कारोबारी संभावनाओं को आगे बढ़ाने का अवसर मिलेगा।