इंकम टैक्स विभाग की उच्च स्तरीय टीम ने पूर्व रेल मंत्री पवन बंसल के रिश्तेदारों के प्राइवेट अस्पताल सहित शहर के तीन प्रमुख अस्पतालों में छापामारी की।
यह छापामारी सुबह 11 बजे से विभाग ने विभिन्न टीमें बनाकर शुरू कर दी थी। सुरक्षा के तौर पर भारी पुलिस फोर्स अस्पतालों में तैनात कर दी गई थी, लेकिन मरीजों को कोई परेशान नहीं आने दी। सबसे पहले इंकम टैक्स की टीम स्थानीय 25 एकड़ में स्थित लाइफ लाइन अस्पताल में पहुंची। इस अस्पताल में लगभग एक दर्जन गाड़ियों में इंकम टैक्स के अधिकारी आए। इनकी अगुवाई एडिशनल कमिश्नर इंकम टैक्स राजिंदर सिंह कर रहे थे। इस टीम में एआर नैयर, एडिशनल कमिश्नर अनिल हांडा, हरजिंदर सिंह आईटीओ, वीना गुप्ता आईटीओ शामिल थे।
जिस लाइफ लाइन अस्पताल पर छापामारी की गई वह डाक्टर भूषण बंसल व उनके बेटे चला रहे हैं। वे पूर्व रेलवे मंत्री पवन बंसल के भतीजे हैं। इंकम टैक्स की अन्य टीमें हंडियाया रोड पर स्थित प्राइवेट अस्पतालों में पहुंचीं। संजीवनी अस्पताल में इंकम टैक्स विभाग के अधिकारी हाकम सिंह व सरोज रानी की ओर से चेकिंग की जा रही थी। इसी तरह ही भारत सर्जिकल एंड मल्टी स्पेशलिस्ट अस्पताल में रेड की हुई थी।
इंकम टैक्स के एक अधिकारी से इस छापामारी संबंधी पूछा गया तो उन्होंने कहा कि इंकम टैक्स विभाग का सर्वे चल रहा है। इसके तहत ही यह छापामारी की गई है।