मोगा में थाना समालसर पुलिस ने साढे़ आठ महीने पहले हुई युवक की मौत के मामले में दो युवकों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। विरसा रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि युवक की मौत जहर से हुई है।
थाना समालसर के एसएचओ गुरविंदर सिंह भुल्लर का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही खुलासा हो सकेगा कि उन्होंने जगसीर सिंह की जहर देकर हत्या क्यों की थी।
पुलिस के अनुसार गांव कोठे समालसर निवासी छिंदर सिंह ने आरोप लगाया है कि आठ फरवरी 2013 को उसका बेटा जगसीर सिंह (24) अपने दोस्त सुखविंदर पाल सिंह के साथ किसी काम से लुधियाना गया था। रास्ते में उसके बेटे की तबीयत खराब हो गई।
इस पर वे दोनों अपने एक अन्य दोस्त अर्शदीप सिंह के पास रुक गए। छिंदर के अनुसार दूसरे दिन सुबह सुखविंदर ने उसे फोन पर बताया कि जगसीर की तबीयत ज्यादा खराब होने के कारण उसको लुधियाना के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया है। वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
थाना समालसर पुलिस ने 174 की कार्रवाई करते हुए जगसीर के शव का सरकारी अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया। मौत के कारण जानने के लिए विसरा सरकारी लैब मोहाली भेजा था। इसी बीच पीड़ित छिंदर सिंह को अपने बेटे की अचानक हुई मौत पर संदेह हो रहा था।
उन्होंने एसएसपी को लिखित शिकायत देकर मामले की जांच की मांग की थी। एसएसपी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच का जिम्मा सीआई स्टाफ मोगा को सौंपा था। इसी बीच सरकारी लैब की विसरा रिपोर्ट थाना समालसर पुलिस को मिली। इसमें जगसीर सिंह की मौत जहर से होने की बात कही गई है।
सीआईए स्टाफ पुलिस ने जगसीर की मौत जहर से होने की पुष्टि किए जाने के बाद रिपोर्ट तैयार करके एसएसपी को दी। इसके बाद पुलिस ने जांच अधिकारी की रिपोर्ट के आधार पर मृतक जगसीर सिंह के दोस्त सुखविंदर पाल सिंह निवासी समालसर और अर्शदीप सिंह निवासी लुधियाना के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।