कैमरे में वीडियो बना सोशल मीडिया पर किया अपलोड, जांच में जुटी पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
लुधियाना। ढंडारी इलाके में शरारती तत्वों ने मामूली रंजिश के चलते एक रिहायशी मकान पर पथराव किया। इस घटना से इलाके में दहशत फैल गई और घर के शीशे-दरवाजे टूट गए। पीड़ित परिवार को अपनी जान बचाने के लिए कमरे में बंद होना पड़ा।
इससे पहले, रविवार शाम को आरोपियों ने पीड़ित युवक राकेश को बाजार में घेर लिया। उन्होंने धारदार हथियारों से उसे बुरी तरह मारा-पीटा। लहूलुहान राकेश को निजी अस्पताल में उपचार के लिए पहुंचाया गया। उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई और पुलिस को सूचना दी गई। पीड़ित बिंदु रानी ने बताया कि उनके बेटे राकेश का युवकों के मनमुटाव से कोई वास्ता नहीं था। परिजनों का आरोप है कि पुलिस की शुरुआती ढिलाई से उपद्रवियों की हिम्मत बढ़ गई।
पुलिस की कार्रवाई
मंगलवार सुबह हमलावरों ने ईंट-पत्थर बोरी में भरकर पीड़ित के घर पर फिर हमला किया। उन्होंने अमर्यादित भाषा का प्रयोग करते हुए मकान पर पत्थरों की बौछार की, जिसका वीडियो राकेश ने बनाया। वारदात की सूचना पर ढंडारी चौकी के जांच अधिकारी हरबंस पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारी ने बताया कि पीड़ित पक्ष के बयान कलमबद्ध किए जा रहे हैं और केस दर्ज होगा। सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है ताकि उपद्रवियों को चिह्नित कर जल्द गिरफ्तार किया जा सके।