-कॉमन सर्विस सेंटर से गो-सोलर प्रोजेक्ट जोड़ने वाला पहला जिला
-नवीकरणीय ऊर्जा के विस्तार में जिले ने रचा नया कीर्तिमान
-सीएससी के जरिए शहर से गांवों तक सोलर रूफ-टॉप इंस्टॉलेशन को मिली नई रफ्तार
होशियारपुर। होशियारपुर जिले ने नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में एक अहम पहल करते हुए गो-सोलर प्रोजेक्ट को कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) नेटवर्क से जोड़कर प्रदेश में नया रिकॉर्ड स्थापित किया है। यह कदम होशियारपुर को प्रदेश का पहला जिला बनाता है जिसने सोलर रूफ-टॉप इंस्टॉलेशन अभियान को शहर और गांवों तक पहुंचाने की राह आसान बनाई है।
जिला प्रशासन और रेडक्रॉस सोसायटी के सहयोग से विकसित गो-सोलर मोबाइल एप्लीकेशन को सीएससी से जोड़ने की औपचारिक शुरुआत वर्कशॉप के माध्यम से की गई। डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ने बताया कि इस एप के जरिये वीएलई इच्छुक उपभोक्ताओं की जानकारी एकत्र करेंगे, जिसमें वेंडर विवरण, कम ब्याज वाले लोन विकल्प और इंस्टॉलेशन तकनीकी जानकारी शामिल होगी। आवेदन सबमिट होते ही वेंडर उपभोक्ता से संपर्क कर सोलर सिस्टम लगाने की प्रक्रिया शुरू करेगा।
उन्होंने कहा कि इस पहल से न केवल लोगों को घर-द्वार पर सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि सीएससी संचालकों को एप्लीकेशन और इंस्टॉलेशन पर इंसेंटिव भी मिलेगा। सरकार द्वारा 1-2 किलोवॉट सिस्टम पर 30,000–60,000 रुपये, 2-3 किलोवॉट पर 60,000–78,000 रुपये और 3 किलोवॉट से अधिक सिस्टम पर 78,000 रुपये तक की सब्सिडी दी जा रही है।
पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण
डिप्टी कमिश्नर ने गो-सोलर प्रोजेक्ट की नोडल अधिकारी सहायक कमिश्नर ओएशी मंडल (आईएएस) और रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव मंगेश सूद व संयुक्त सचिव आदित्य राणा की मेहनत की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह पहल जिले को नवीकरणीय ऊर्जा में मॉडल जिला बनाएगी और बिजली बचत और पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान देगी। इस अवसर पर सहायक कमिश्नर (सामान्य) परमप्रीत सिंह, सीएससी स्टेट हेड भूपिंदर सिंह, स्टेट कोऑर्डिनेटर परवीन कुमार, जिला कोऑर्डिनेटर धरवंत सिंह, गो-सोलर प्रोजेक्ट के इंपैनल्ड वेंडर और बड़ी संख्या में वीएलई मौजूद थे।