संवाद न्यूज एजेंसी
लुधियाना। क्राइम ब्रांच और थाना डिवीजन नंबर-7 की संयुक्त टीम ने गुरु अर्जुन देव नगर स्थित एक मकान में दबिश देकर हेरोइन की खरीद-फरोख्त कर रही महिला को दबोच लिया। कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम ने मौके पर ही नशा कर रहे सात अन्य युवकों को भी काबू किया है।
पुलिस को 27 अक्तूबर को सूचना मिली थी कि एलआईजी फ्लैट्स में रहने वाली एक महिला बड़े पैमाने पर हेरोइन बेचती है। वह ग्राहकों को घर से नशीला पदार्थ देती थी और उन्हें वहीं नशा करने की सुविधा भी देती थी। सूचना की पुष्टि होने पर क्राइम ब्रांच और डिवीजन सात पुलिस ने ठिकाने पर घेराबंदी की। तलाशी के दौरान मुख्य संदिग्ध महिला के पास से हेरोइन और एक डिजिटल कांटा बरामद हुआ। रेड के समय कमरे में सात अन्य लोग भी नशे की हालत में पाए गए। एसीपी पूर्वी राज कुमार ने बताया कि नीलम रानी उर्फ नीलम प्रेस वाली के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। उसके पास से पचास ग्राम हेरोइन और इलेक्ट्रॉनिक कांटा मिला है। यह पूरा ऑपरेशन डीसीपी इन्वेस्टिगेशन हरपाल सिंह, डीसीपी रूरल गुरसेवक सिंह बराड़, एडीसीपी जोन-4 जशनदीप सिंह गिल, एसीपी ईस्ट राज कुमार और एसीपी क्राइम ब्रांच दीपकरन सिंह की देखरेख में हुआ। थाना डिवीजन सात के एसएचओ इंस्पेक्टर गगनदीप ने बताया कि सभी संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।