संवाद न्यूज एजेंसी
मानसा। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के खिलाफ मानहानि मामले की सुनवाई मंगलवार को टल गई। यह केस पूर्व मानसा विधायक नाजर सिंह मानशाहिया ने दायर किया है।
वकीलों की हड़ताल और जज के अवकाश पर होने के कारण सुनवाई नहीं हो सकी। अदालत ने अगली तारीख 25 सितंबर निर्धारित की है। मुख्यमंत्री मान को हाईकोर्ट से अंतरिम राहत मिली है और उनकी पेशी से छूट का मामला विचाराधीन है। मानशाहिया के अनुसार अप्रैल 2019 में मान ने उन पर कांग्रेस में शामिल होने के लिए 10 करोड़ रुपये लेने और पंजाब प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड का अध्यक्ष बनाए जाने का आरोप लगाया था। इन आरोपों पर नोटिस का जवाब न मिलने पर मानशाहिया ने अदालत का दरवाजा खटखटाया। उन्होंने कहा कि राजनीति में किसी को बदनाम करने की कोशिश नहीं होनी चाहिए।