डेहलों के गांव खानपुर में एक डेरे में लोगों के कोरोना टेस्ट करने गए हेल्थ वर्कर को डेरा संचालक ने साथियों के साथ मिलकर बांध लिया। उसके बाद आरोपियों ने उसे जमकर पीटा और उसकी दाढ़ी नोच डाली। किसी तरह से इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना के बाद पुलिस अधिकारी पहुंचे। पुलिस ने किसी तरह से हेल्थ वर्कर मस्तान सिंह को छुड़वाया और उसे इलाज के लिए पास के निजी अस्पताल में दाखिल कराया। जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस ने मस्तान सिंह की शिकायत पर गांव खानपुर के प्रभजोत सिंह प्रभु, पूर्व हेल्थ वर्कर गुरबक्श सिंह व बलविंदर सिंह बिंदरी के खिलाफ हत्या के प्रयास, अपहरण, धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने सहित कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया है।
ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर रूरल कंवरदीप कौर ने बताया कि मस्तान सिंह सब सेंट्रल में बतौर हेल्थ वर्कर तैनात है। कुछ दिन पहले उन्हें सूचना मिली थी कि गांव खानपुर में प्रभु का सिमरन डेरा है। जहां कुछ लोगों में कोरोना के लक्षण हैं। डाक्टरों के कहने पर मस्तान सिंह डेरे में पहुंच गया और सभी को टेस्ट कराने की सलाह दी। आरोपियों ने उसके साथ बहस करनी शुरू कर दी और टेस्ट कराने से मना कर दिया। इसी दौरान आरोपियों ने उसे काबू कर लिया और बंधक बनाकर पहचान पत्र मांगा। जब कहासुनी हुई तो आरोपियों ने उसे पीटना शुरू कर दिया और उसकी पगड़ी उतार कर दाढ़ी नोचकर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई। किसी तरह से इसकी जानकारी हेल्थ विभाग को मिली और सूचना मिलने के बाद थाना डेहलों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर ने बताया कि आरोपियों को वहां से गिरफ्तार कर लिया है, जबकि कुछ आरोपी फरार हैं। उनकी तलाश जारी है।