दीपावली पर मिलावट को कम करने के लिए सेहत विभाग ने कमर कस ली है। शनिवार
को विभाग की टीम ने जनता नगर में दो मिठाई निर्माताओं के यहां दबिश दी।
जांच के दौरान करीब सवा क्विंटल मिठाई को सील किया गया। इनमें मिल्क केक और
बर्फी शामिल थी।
विभाग के अफसरों का कहना है कि मिल्क केक, बर्फी,
लड्डू और चाकलेट रोल के सैंपल लिए गए हैं। इनको जांच के लिए लैब में भेजा
जा रहा है। लैब रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। शनिवार
दोपहर डीएचओ डॉ. अविनाश कुमार, फूड सेफ्टी अफसर रविंदर गर्ग, मनोज खोसला,
हरप्रीत कौर और योगेश गोयल की टीम ने जनता नगर गली नंबर तीन में यूनिक
फूड्स पर रेड की। इसी दौरान दूसरी टीम ने गली नंबर साढ़े पांच में स्थित
दूसरी फैक्टरी पर भी रेड कर दी। गली नंबर तीन स्थित फैक्टरी में सूजी और
मिल्क पाउडर की बोरियां व रिफाइंड के कई कनस्तर मिले।
पूछताछ में पता चला
कि यहां मिल्क केक में दूध व बर्फी में खोए के बजाय सूजी, रिफाइंड व मिल्क
पाउडर का मिश्रण का इस्तेमाल किया जा रहा था। दूसरी फैक्टरी में लड्डू,
पतीसा और चॉकलेट रोल बनाए जाते थे। टीम ने करीब सवा क्विंटल मिल्क केक और
बर्फी को जब्त कर लिया। जब्त मिठाइयों को श्योरिटी बांड भरवाकर फैक्टरी
मालिक की कस्टडी में ही रखवा दिया है। अधिकारियों के मुताबिक लैब से
रिपोर्ट आने के बाद अगली कार्रवाई की जाएगी।