शिविर के दौरान विशेषज्ञों से स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी लेते महिलाएं।
- फोटो : संवाद
भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की राष्ट्रव्यापी पहल स्वस्थ नारी सशक्त परिवार के तहत ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल लुधियाना में 17 सितंबर से महिलाओं के लिए विशेष स्वास्थ्य देखभाल पखवाड़े की शुरुआत की गई। इस दौरान तीन स्वास्थ्य जांच शिविर, दो आउटरीच शिविर, पांच स्वास्थ्य जागरूकता वार्ता शिविर लगाए गए और 16 एएनसी पंजीकरण, 212 महिलाओं की हीमोग्लोबिन जांच, 52 की मधुमेह जांच व 235 की कैंसर जांच करते हुए चार निक्षय मित्र नामांकित किए गए।
लुधियाना की मेयर इंदरजीत कौर और ईएसआईसी एमसीएच के डीन प्रोफेसर डॉ. इंदर पवार ने दीप प्रज्वलित करके पखवाड़े का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम 2 अक्तूबर तक चलेगा और पूरी तरह से महिलाओं के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण पर केंद्रित होगा। उन्होंने महिलाओं के उत्थान के लिए महिला सशक्तिकरण व शिक्षा की आवश्यकता पर जोर देते हुए इस अभियान को सफल बनाने का संदेश दिया।
वहीं चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अपराजिता डिसूजा और नोडल अधिकारी डॉ. हिमानी ने उपस्थित महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि एक स्वस्थ महिला ही एक स्वस्थ परिवार, एक स्वस्थ समाज और समग्र राष्ट्र का निर्माण कर सकती है। इसलिए महिलाओं को अपनी स्वास्थ्य आवश्यकताओं के प्रति जागरूक होना चाहिए। उन्होंने इस पहल के प्रमुख उद्देश्यों पर प्रकाश डाला तथा महिलाओं को अभियान के तहत प्रदान की जा रही सेवाओं के बारे में विस्तार पूर्वक अगवत करवाया।