केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल ने कहा है कि पंजाब की प्रकाश सिंह बादल की अगुवाई वाली सरकार की ओर से लगातार नौ वर्षों में रिकार्डतोड़ विकास करवाए गए हैं।
साल 2002 से लेकर 2007 तक कांग्रेस के शासन काल में विभिन्न विकास कार्यों पर सिर्फ 22 हजार करोड़ रुपये ही खर्च किए गए। जबकि मार्च 2007 से लेकर 2015 तक 01 लाख 28 हजार 637 करोड़ रुपये विकास पर खर्च किए जा चुके हैं। हरसिमरत बादल रविवार को बठिंडा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में 73 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित विकास कार्यों का नींव पत्थर रखने के बाद आयोजित समागम को संबोधित कर रही थीं।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कांग्रेस की सरकार ने अपने समय में सड़कों और पुलों पर केवल 3010 करोड़ रुपये खर्च किए थे। जबकि हमारी सरकार की ओर से राज्य के सभी शहरों में चार मार्गी और छह मार्गी सड़कें बनाने के लिए 32 हजार करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
दूसरे राज्यों को देने के लिए पंजाब के पास एक बूंद भी पानी नहीं :
सतलुज-यमुना लिंक नहर के मुद्दे पर हरसिमरत बादल ने कहा कि इतिहास गवाह है कि देश के बंटवारे के बाद केंद्र पर काबिज कांग्रेस सरकार ने पंजाब के साथ भेदभाव किया। उन्हाेंने कहा कि उस समय की सत्ता में रहते हुए कांग्रेस की पहल पर पहले पानी पाकिस्तान को दिया गया और उसके बाद राजस्थान और हरियाणा को प्रदेश का पानी दिया गया। प्रकाश सिंह बादल ने पंजाब के मुख्यमंत्री के तौर पर पंजाब विधान सभा में एसवाईएल के मामले पर बिल लाकर ऐतिहासिक निर्णय लिया है। पंजाब के पास किसी भी राज्य को पानी देने के लिए एक बूंद भी नहीं है।
पंजाब के लोगों को गुमराह कर रहे कोजरीवाल :
उन्होंने आम आदमी पार्टी के संयोजक व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंदर केजरीवाल के बारे में कहा कि जब वह पंजाब में आते हैं तो पंजाब के लोगों को गुमराह करने के लिए दूसरे राज्योें को पानी न देने की बात करते हैं और दिल्ली जाकर अपना बयान बदल लेते हैं । उन्होेंने आप को कांग्रेस की बी टीम बताते हुए कहा कि जब केजरीवाल ने दिल्ली का चुनाव लडे़ तो उस समय शीला दीक्षित पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों की पड़ताल करने की बात की थी, लेकिन आज तक केजरीवाल ने ऐसा कोई कदम नहीं उठाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेसी पर कोई कार्रवाई न करने से साफ है कि आप कांग्रेस की बी टीम है। उन्होंने कहा कि आप भी पीपीपी की तरह पंजाब से समाप्त हो जाएगी ।