प्रेसवार्ता करते रोपड़ के एसएसपी डॉ. संदीप
- फोटो : ROPAR
रोपड़। रोपड़ सचिवालय और हिमाचल प्रदेश विधानसभा के बाहर लगाए गए खालिस्तानी पोस्टर और झंडों के मामले में शुक्रवार को रोपड़ के एसएसपी डा. संदीप गर्ग ने प्रेस कांफ्रेंस कर खुलासा किया कि हिमाचल पुलिस की ओर से पकड़े गए हरबीर सिंह और रोपड़ पुलिस द्वारा शुक्रवार को गिरफ्तार आरोपी परमजीत सिंह पम्मा ने ही वारदात को अंजाम दिया था। इस मामले में हरबीर सिंह को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया था। उन्होंने कहा कि रोपड़ पुलिस मामले में काफी संजीदगी से जांच कर रही थी, इसी बीच हिमाचल विधानसभा के बाहर हुई घटना के ठोस सुराग हिमाचल पुलिस को मिल गए। जिसके बाद मोरिंडा निवासी हरबीर सिंह की गिरफ्तारी रोपड़ पुलिस के सहयोग से की गई।
उन्होंने बताया कि इस मामले में शुक्रवार को गांव रुड़कीहीरां निवासी परमजीत पम्मा को भी रोपड़ पुलिस ने पकड़ लिया। एसएसपी संदीप गर्ग ने बताया कि हिमाचल ले जाने से पहले मोरिंडा थाने में हरबीर ने प्राथमिक पूछताछ में माना था कि रोपड़ सचिवालय के बाहर उसने और पम्मा ने ही खालिस्तान का पोस्टर लगाया था। हरबीर सिंह पर लूट और लड़ाई झगड़े के दो मामले दर्ज हैं। जबकि परमजीत सिंह पम्मा पर कत्ल समेत कई धाराओं के तहत सात मामले दर्ज हैं। इसके पीछे एसजेएफ का हाथ लग रहा है और इसकी जांच की जा रही है। जानकारी के अनुसार हरबीर सिंह की बुधवार को हुई गिरफ्तारी से पहले ही हिमाचल पुलिस छानबीन में जुटी थी। वहीं हिमाचल पुलिस लगातार पम्मा को तलाश रही थी। हिमाचल पुलिस की ओर से मामले में बनाई गई सिट के सदस्य बिना नंबर प्लेट की गाड़ियों और सिविल वर्दी में इलाके में घूम रहे थे।