संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी गोबिंदगढ़। रिमट यूनिवर्सिटी में श्री गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित राज्य स्तरीय संगोष्ठी आयोजित की गई। इसमें पंजाब के कैबिनेट मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंद और संत समाज के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। वक्ताओं ने गुरु जी के जीवन और शिक्षाओं पर अपने विचार साझा किए।
मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंद ने बताया कि पंजाब सरकार ने प्रकाश पर्व के लिए 100 करोड़ रुपये से अधिक का बजट रखा है। उन्होंने यह भी बताया कि जालंधर में श्री गुरु रविदास जी वाणी अध्ययन केंद्र बनाया जा रहा है। नवंबर 2026 के दौरान चार शोभायात्राएं भी निकाली जाएंगी। ये शोभायात्राएं वाराणसी, जम्मू, बठिंडा और फरीदकोट से शुरू होंगी। इनका समापन खुरालगढ़ साहिब में होगा। सौंद ने कहा, श्री गुरु रविदास जी महाराज ने ऐसे समाज की कल्पना की थी, जो समानता, न्याय, दया और आपसी सम्मान पर आधारित हो। गुरु जी की वाणी हर प्रकार के भेदभाव को समाप्त करने के लिए प्रेरित करती है। विधायक गुरिंदर सिंह गैरी बड़िंग ने कहा कि गुरु रविदास जी की शिक्षाएं मानवता को एकता और भाईचारे का मार्ग दिखाती हैं। उन्होंने गुरु जी के संदेश को सामाजिक जीवन के संदर्भ में समझने की आवश्यकता बताई। बड़िंग ने विद्यार्थियों को शिक्षा के माध्यम से व्यक्तित्व विकास करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने छात्रों से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का माध्यम बनने का आह्वान किया।