बाइक पर जाली नंबर लगा अवैध पिस्तौल लेकर घूमते हुए गैंगस्टर दीपा ढंढारी को जिला पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी को गुप्त सूचना के आधार पर धांधरा रोड से गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने कागजात की मांग की मगर वह कोई कागजात नहीं दिखा सका। सख्ती से पूछताछ पर कब्जे से पुलिस ने जाली आरसी भी बरामद की। पुलिस के अनुसार आरोपी पिस्तौल कहां से लाया अभी तो कुछ पता नहीं चल पाया है लेकिन आरोपी की मंशा किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की थी।
पुलिस के अनुसार आरोपी दीपा ढंढारी पर महानगर के विभिन्न थानों में 12 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। जिनमें मारपीट, लूटपाट चोरी और अन्य अपराध शामिल है। पुलिस को पिछले काफी समय से आरोपी दीपा ढंढारी की तलाश थी लेकिन वह हर बार पुलिस को चकमा देकर फरार होने में कामयाब हो जाता था।
पुलिस की तलाश उस समय खत्म हो गई जब धांधरा रोड पर आरोपी को सूचना के आधार पर काबू किया गया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर पता लगाने में जुटी है कि उसके साथ गिरोह में कौन-कौन शामिल है और वह पिस्तौल किस व्यक्ति से लाया है और किस बड़ी वारदात को अंजाम देना था।