बिग्रेडियर जगदीश गगनेजा पर फायरिंग
- फोटो : अमर उजाला
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा के आदेश पर एम्स के डॉक्टरों की टीम मंगलवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नेता रिटायर्ड ब्रिगेडियर जगदीश गगनेजा की जांच का जायजा लेने डीएमसी पहुंची। डॉक्टरों ने डीएमसी और पीजीआई के डॉक्टरों के साथ मंथन किया, सभी रिपोर्ट का अध्ययन किया और इलाज पर संतुष्टि जताई। दोपहर बाद करीब दो बजे टीम लौट गई। डॉक्टर गगनेजा के शरीर में फैले इंफेक्शन को कम करने की जुगत में लगे हैं।
मंगलवार को कैबिनेट मंत्री अनिल जोशी, उद्योग मंत्री मदन मोहन मित्तल के अलावा आरएसएस के अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य रामेश्वर, प्रेम गोयल के अलावा अखिल भारतीय अभिलेखागार प्रमुख किशोरकांत ने डीएमसी पहुंच कर गगनेजा के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली।
डीएमसी में पत्रकारों से बातचीत में अनिल जोशी ने पुलिस की जांच पर अंगुली उठाई। जोशी बोले कि पहले भी कई घटनाएं हुई हैं, उनमें विशेष जांच टीम (एसआईटी) बनाई गई हैं, लेकिन कोई खास परिणाम नहीं निकले। कई घटनाओं के आरोपी आज भी खुले घूम रहे हैं। गगनेजा पर हमले को चार दिन हो चुके हैं, लेकिन अभी तक आरोपियों के बारे में सही सुराग नहीं लग पाए हैं।
ऐसे में केंद्रीय जांच एजेंसियों की मदद लेना उचित होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून और व्यवस्था की स्थिति बदतर हो रही है। पुलिस अन्य कामों में व्यस्त है। दिन-दहाड़े हमले हो रहे हैं, ऐसी घटनाओं से खास कर हिंदुओं में दहशत का आलम है। उन्होंने कहा कि इस मामले में पुलिस को पूरी साजिश का पर्दाफाश शीघ्र ही करना चाहिए। ताकि लोगों में विश्वास बहाल हो सके।