लुधियाना। मशहूर पंजाबी अभिनेता सतीश कौल के पार्थिव शरीर का रविवार को दोपहर बाद लुधियाना के माडल टाउन एक्सटेंशन स्थित शमशान घाट में अंतिम संस्कार कर दिया गया। उनके अंतिम संस्कार के मौके केयर टेकर सत्यादेवी सहित चंद लोग ही मौजूद रहे। पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की तरफ से पीएमआईडीबी चेयरमैन केके बाबा अंतिम श्रद्धांजलि देने के लिए पहुंचे। लेकिन जिला प्रशासन की तरफ से कोई अधिकारी वहां नहीं पहुंचा।
गौरतलब है कि पालीवुड में 300 फिल्मों में अभिनय करने वाले सतीश कौल बीते कुछ साल से गुमनामी की जिंदगी जी रहे थे। पहले वह लुधियाना के एक वृद्ध आश्रम में रहते रहे, अब बीते कुछ साल से उनकी फैन सत्या देवी ही उनकी देखभाल कर रही थी। दोनों ही एक किराये के घर में रह रहे थे। उनकी आर्थिक हालत इस कदर पतली हो चुकी थी कि 2019 में उन्हें आम लोगों से सहायता मांगने की नौबत आ गई थी। उस समय पंजाब सरकार ने उन्हें पांच लाख रुपये दिए थे। कूल्हे में फ्रैक्चर होने के कारण वह काफी समय से बीमार चल रहे थे। आठ अप्रैल को उन्हें बीमार होने के कारण लुधियाना के चैरिटेबल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहां उपचार के दौरान पता चला कि वह कोरोना संक्रमित भी हैं। शनिवार बाद दोपहर उनका देहांत हो गया था। रविवार को उनका शव एंबुलेंस से शमशान घाट लाया गया। यहां पर वालंटियर्स ने विद्युत शवदाह ग्रह में उनका अंतिम संस्कार किया।