संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजपुर। आगामी त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने लुधियाना से बिहार और पश्चिम बंगाल के विभिन्न शहरों के लिए चार आरक्षित त्योहार स्पेशल रेलगाड़ियां चलाने का फैसला किया है। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक बसंत कुमार ने यह जानकारी दी।
ट्रेन नंबर 04656 लुधियाना-सहरसा स्पेशल छह, नौ और 11 नवंबर को तीन फेरे लगाएगी। वापसी में ट्रेन नंबर 04655 सहरसा-लुधियाना स्पेशल आठ, 11 और 13 नवंबर को चलेगी। इसी तरह, ट्रेन नंबर 04662 लुधियाना-दरभंगा स्पेशल सात, 10 और 11 नवंबर को संचालित होगी। इसकी वापसी ट्रेन नंबर 04661 दरभंगा-लुधियाना स्पेशल आठ, 11 और 12 नवंबर को चलेगी। लुधियाना-गया स्पेशल ट्रेन नंबर 04664, 12 नवंबर को एक फेरा लगाएगी। वापसी में 04663 गया-लुधियाना ट्रेन 13 नवंबर को रवाना होगी। लुधियाना-कोलकाता स्पेशल ट्रेन नंबर 04666, छह नवंबर को चलेगी। वापसी में 04665 कोलकाता-लुधियाना स्पेशल सात नवंबर को रवाना होगी। इन त्योहार स्पेशल ट्रेनों का ठहराव कई प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर होगा। इनमें ढंडारी कलां, सरहिंद, राजपुरा, अंबाला कैंट, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, गोरखपुर, सीवान, छपरा और हाजीपुर स्टेशन शामिल हैं। यह ठहराव यात्रियों के लिए सुविधा सुनिश्चित करेगा।