लुधियाना में पकड़े गए तस्करों से बरामद लग्जरी कारें।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
पुलिस से बचने के लिए लग्जरी कारों में हेरोइन सप्लाई करने वाले चार युवकों को शुक्रवार की शाम स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने लुधियाना के जगरांव के पास नाकाबंदी के दौरान गिरफ्तार किया है। एसटीएफ ने उनके पास से पांच किलो 392 ग्राम हेरोइन, 315 बोर की राइफल, कारतूस, 12 बोर पंप एक्शन गन, 32 बोर की रिवाल्वर और कारतूस, दो इनोवा, दो बीएमडब्ल्यू, एक मर्सडीज, एक फार्च्यूनर, एक ऑडी और एक जगुआर कार बरामद की है। इसके अलावा आरोपियों के कब्जे से 21 लाख की ड्रग मनी बरामद की है।
एसटीएफ के आईजी बलकार सिंह ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि आरोपी पायल के गांव राणों निवासी गुरदीप सिंह राणों, महावीर कालोनी निवासी रवेज, राणों निवासी इकबाल सिंह और खन्ना निवासी रणदीप सिंह रन्नी के खिलाफ एसटीएफ थाना मोहाली में मामला दर्ज किया है। सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया।
अदालत ने सभी को पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ करने में जुटी है। आईजी के अनुसार एसटीएफ की टीम ने जगरांव के पास स्थित एक प्रतिष्ठित धार्मिक स्थान के पास नाकाबंदी की थी। इस दौरान गुप्त सूचना मिली कि आरोपी लग्जरी कारों में हेरोइन सप्लाई करते हैं। पुलिस ने दो लग्जरी कारें रोककर तलाशी ली तो उसमें पांच किलो हेरोइन और हथियार बरामद हुए। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर कुल आठ लग्जरी गाड़ियां बरामद की। आरोपी बार्डर इलाके से नशा लाते और आगे सप्लाई करते है।
बाउंसर साथ लेकर जाते थे तस्कर
आईजी ने बताया आरोपी इतने शातिर हैं कि नशा सप्लाई करने के लिए लग्जरी स्टाइल अपनाते थे। आरोपी जहां कहीं भी हेरोइन सप्लाई करने जाते थे तो दो लोगों के साथ बाउंसर या फिर सुरक्षा गार्ड हथियार लेकर जाते थे, ताकि रास्ते में नाकाबंदी के दौरान न तो उन्हें कोई रोके और न ही रास्ते में किसी तरह की कोई परेशानी हो। आरोपी हर बार गाड़ी और सुरक्षा गार्ड बदल कर ले जाते थे।