गांव सनेत में परिवार पर हमले के दौरान हुई थी युवक की हत्या, पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंपा
संवाद न्यूज एजेंसी
लुधियाना। गांव सनेत में परिवार पर हुए कातिलाना हमले के दौरान गुरविंदर सिंह की हत्या के मामले में सराभा नगर पुलिस ने गिरफ्तार किए गए आरोपी गगनदीप सिंह, काला सिंह, हरदीप सिंह व शम्मी को अदालत में पेश किया गया। जहां से सभी आरोपियों को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। इस मामले में पुलिस गिरफ्त से फरार चल रहे आरोपी जग्गा को भी पुलिस ने शनिवार की दोपहर को गिरफ्तार कर लिया जिसके बाद परिवार पोस्टमार्टम के लिए राजी हुआ। पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया गया है। पुलिस इस मामले में गिरफ्तार आरोपी जग्गा को रविवार अदालत में पेश करेगी।
गुरविंदर सिंह के परिवार ने शनिवार की सुबह पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया था जिसके बाद पुलिस की परेशानी बढ़ गई। परिवार ने पुलिस के सामने मांग रखी कि इस मामले में पांचवे आरोपी को भी गिरफ्तार किया जाए जिसके बाद पुलिस ने परिवार को आश्वासन दिया कि उसे भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने दोपहर तक आरोपी के कई ठिकानों पर दबिश दी। इसके बाद आरोपी जग्गा को गिरफ्तार कर लिया गया जिसके बाद परिवार पोस्टमार्टम के माना। सिविल अस्पताल के डॉ. नेहा मित्तल, डॉ. चरणजीव व डॉ. अंकुर उप्पल पर आधारित एक बोर्ड ने गुरविंदर के शव का पोस्टमार्टम किया।
उधर, सीएमसी अस्पताल में उपचाराधीन गुरविंदर के पिता काला सिंह और भाई वीरपाल की हालत खतरे से बाहर है। डाक्टरों की टीम लगातार उनका इलाज करने में जुटी है। थाना सराभा नगर के इंचार्ज इंस्पेक्टर पवन कुमार का कहना है कि पांचवे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। चारों आरोपी पुलिस रिमांड पर है। उनसे पूछताछ की जा रही है।