संवाद न्यूज एजेंसी
जगरांव। नगर काउंसिल जगरांव एक बार फिर विवादों में घिर गई है। कांग्रेस के पूर्व विधायक जगतार सिंह जग्गा ने कूड़ा उठाने वाली गाड़ियों के डीजल खर्च और लॉगबुक को लेकर अधिकारियों से जवाब मांगा है। उन्होंने भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए हैं।
जग्गा मंगलवार को अचानक नगर काउंसिल कार्यालय पहुंचे। इस दौरान ईओ मोहित शर्मा कार्यालय में मौजूद नहीं थे। अधिकारियों ने बैठक या क्षेत्र में होने का हवाला दिया। पूर्व विधायक ने आरोप लगाया कि कूड़ा उठाने के नाम पर तेल के खर्च में बड़ा खेल चल रहा है। उन्होंने कहा कि एक गाड़ी पर रोजाना करीब 300 रुपये का तेल लगना चाहिए लेकिन कथित तौर पर 1000 रुपये खर्च किए जा रहे हैं। नगर काउंसिल के पास आठ छोटी गाड़ियां हैं। जग्गा ने अधिकारियों से लॉगबुक दिखाने को कहा लेकिन उन्हें स्पष्ट जवाब नहीं मिला। उन्होंने पूरे मामले की जांच करवाने की बात कही। वहीं ईओ मोहित शर्मा ने बताया कि वह लुधियाना में एक बैठक में थे। उन्होंने पूर्व विधायक के आरोपों को नकार दिया। शर्मा ने कहा कि नगर काउंसिल की लॉगबुक रोजाना अपडेट होती है। उन्होंने पूरे मामले की जांच करवाने का आश्वासन दिया।