मोरिंडा। पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और सांसद चरणजीत सिंह चन्नी ने पंजाब सरकार पर तीखा हमला करते हुए चुनाव आयोग से जांच की मांग की है। चन्नी ने एक वायरल बैलेट पेपर दिखाते हुए आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी ने पहले ही अंबाला से 10 प्रतिशत बैलेट पेपर छपवा लिए थे और अब इन्हें साजिश के तहत मतदान में शामिल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह बैलेट पेपर बीती रात ही व्हाट्सएप ग्रुप पर शेयर किया गया था, जबकि मतदान सुबह होना था।
चन्नी ने इस पर सवाल उठाते हुए कहा कि चुनाव आयोग को इस मामले की जांच करनी चाहिए। उन्होंने बैलेट पेपर की सुरक्षा पर भी चिंता जताई और मांग की कि उनके प्रत्याशियों को बक्सों की निगरानी करने की अनुमति दी जाए।
मुख्यमंत्री भगवंत मान की ओर से उनके खिलाफ किए गए तंज का जवाब देते हुए चन्नी ने कहा कि उनका दावा सही साबित हुआ है। इसके अलावा चन्नी ने कम मतदान प्रतिशत पर भी टिप्पणी की और आरोप लगाया कि सरकार ने पुलिस के जरिए लोगों को डराया और विपक्षी नेताओं को घरों से बाहर नहीं निकलने दिया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बीती रात कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गंडासियों से पीटा गया। चन्नी ने कहा कि ऐसे माहौल में चुनाव का क्या मतलब रह जाता है, लेकिन वे आख़िर तक संघर्ष करेंगे।