-बाढ़ प्रभावित लोग बोले, नुकसान के सर्वे के लिए अभी उन तक नहीं पहुंचीं कोई टीम
-मकानों के साथ-साथ लोगों की दुकानें और पशुधन भी बाढ़ में बह गए थे
-
सूरज प्रकाश
पठानकोट। पंजाब में बाढ़ के बाद सरकार ने दिवाली से पहले मुआवजा देने की घोषणा की थी मगर पठानकोट में अभी तक कई से बाढ़ पीड़ित ऐसे हैं जिन्हें न तो मुआवजा मिला और न ही अभी तक उनके नुकसान का कोई सर्वे हो पाया है। ये लोग सरकारी कार्यालयों के चक्कर काट रहे हैं और मुआवजे के लिए भटक रहे हैं।
यहां रणजीत सागर डैम से 26 अगस्त को छोड़ा गया लाखों क्यूसेक पानी से पठानकोट के बाॅर्डर क्षेत्र की अड्डा कोलियां क्षेत्र में भारी तबाही देखने को मिली थी जिससे कई परिवार बेघर हुए और बहुतों का खासा नुकसान हुआ था। उनका पशुधन पानी में बह गया और घरों में रखा अनाज भी बर्बाद हो गया। अब चूंकि सरकार ने दिवाली से पहले विशेष गिरदावरी के बाद मुआवजा देने की घोषणा की थी, इसके चलते बाढ़ पीड़ितों में उम्मीद जगी थी मगर अभी तक यहां लोगों को मुआवजा नहीं मिला है।
कोट
एक भी सरकारी पैसा नहीं मिला
पठानकोट के अड्डा कोलियां में किशोर कुमार की दो दुकानें थीं। उनका कहना है कि यहां उनकी दुकानों के साथ-साथ यहां 21 के करीब घर और अन्य लोगों की दुकानों को बाढ़ के पानी से भारी नुकसान पहुंचा था। तब से लेकर अभी तक सिर्फ कुछ समाज सेवी संस्थाओं ने बाढ़ पीड़ितों की मदद की है लेकिन एक भी सरकारी पैसा बतौर मुआवजा उन्हें नहीं मिला है। बाढ पीड़ितों के लिए गुजर-बसर करना बहुत मुश्किल हो गया है। कुछ घरों तक नेताओं ने संस्थाओं के फंड को पहुंचाया था मगर सरकारी मुआवजा नहीं मिला है।
किराए के मकान में रहने को मजबूर
बाढ़ पीड़ित सुखविंदर सिंह कहते हैं कि कुछ दिन पहले एक टीम सर्वे के लिए आई थी लेकिन वे भी नाम पता नोट करके चली गई। कोई भी सरकारी कर्मचारी और अधिकारी नुकसान के लिए सर्वे नहीं कर रहा है। उनका करीब 32 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। मुआवजा कितना मिलेगा इसके बारे में कोई नहीं बता रहा। उन्होंने कहा कि उनकी बहन रानी देवी की भी पांच दुकानों को पहुंचे नुकसान का कोई मुआवजा नहीं मिला। लोग यहां किराए के मकान में रहने को मजबूर हैं।
आश्वासन दिया मगर मुआवजा नहीं मिला
उदीपुर ऐमा हलका भोआ निवासी बाढ़ पीड़ित लखबीर सिंह ने बताया कि जब बाढ़ आई तो राज्य व केंद्र से मंत्री यहं आए थे। सभी ने आश्वासन दिया मगर मुआवजा अभी तक नहीं पहुंचा। वह मुआवजे के लिए सरकार कार्यालयों के चक्कर काट थक चुके हैं। सरकार जल्द पीड़ितों को मुआवजा देने सुनिश्चित करें।
जल्द देंगे मुआवजा : डीसी
पठानकोट की डीसी डाॅ. पल्वी ने कहा कि बाढ़ पीड़ितों के मुआवजे प्रति जांच चल रही है और जल्द ही उनको बनता मुआवजा दिया जाएगा। किसी भी तरह से लोगों को परेशानी नहीं आने दी जाएगी।