बठिंडा। राहगीरों से पर्स व मोबाइल फोन छीनने वाले गिरोह के लोगों को जिला पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इसमें आरोपियों के पास से चोरी किया काफी सामान भी बरामद किया गया है। पुलिस मामले में आरोपियों का रिमांड हासिल कर पूछताछ कर रही है जिसमें उनकी तरफ से चोरी किए अन्य मामलों की जानकारी हासिल हो सके। एसएसपी जे इलनचेजियन की तरफ से शहर में असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के लिए एसपी (डी) तेजिंदर सिंह और डीएसपी सिटी वन विश्वजीत सिंह मान के मार्गदर्शन में टीमों का गठन किया गया था। इसके तहत थाना कोतवाली के प्रभारी परविंदर सिंह ने शहर में विभिन्न स्थानों से पर्स और मोबाइल फोन चोरी करने वाले बुलेट मोटरसाइकिल सवार युवकों को महिलाओं से छीनाझपटी करते हुए आरोपी हुसनप्रीत सिंह व अभय कुमार निवासी नथाना जिला बठिंडा के खिलाफ केस दर्ज गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से एक सैमसंग का मोबाइल जब्त किया गया है और घटना में इस्तेमाल किए बुलेट मोटरसाइकिल को भी जब्त किया गया है।
पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड प्राप्त किया है। वहीं एक हजार रुपये के नोट बरामद किए गए। इसी तरह पिछले दिनों चोरी की घटनाएं भी ट्रेस की गई जिसमें आरोपी लखवीर सिंह निवासी डबवाली बठिंडा को भी गिरफ्तार किया गया और उसके पास से एक मोटरसाइकिल हीरो डीलक्स बरामद किया गया। इसी तरह थाना कैनाल कालोनी के प्रभारी इंस्पेक्टर संदीप सिंह भाटी ने आरोपी संदीप कुमार उर्फ मंगल निवासी गावं घुबाया जिला फाजिल्का और तरनवीर सिंह निवासी गांव झूंबा जिला बठिंडा को भी गिरफ्तार कर उनके पास से 2 मोटरसाइकिल बरामद किए हैं। इस तरह से पुलिस ने उक्त सभी मामलों में पांच लोगों को गिरफ्तार कर चार मोटरसाइकिल, 4 मोबाइल फोन व एक हजार रुपये की नकदी बरामद की है।