दुगरी से सलेम टाबरी जा रहा था रिश्तेदार के घर, जगरांव पुल के पास एलीवेटिड रोड पर हुआ हादसा
घायल को राहगीरों ने सीएमसी अस्पताल करवाया दाखिल
संवाद न्यूज एजेंसी
लुधियाना। जगरांव पुल के पास एलीवेटिड रोड पर शनिवार सुबह चलती एक्टिवा में अचानक आग लग गई। टंकी के पास हुए स्पार्क के बाद अचानक से आग की लपटें उठने लगी और देखते ही देखते स्कूटी में ब्लास्ट हो गया। इससे स्कूटी सवार माॅडल टाउन निवासी गोबिंदप्रीत बुरी तरह झुलस गया। इस दौरान एक राहगीर भी अपना संतुलन खो बैठा और वह भी सड़क पर गिर गया। राहगीरों ने गोबिंद पर लगी आग बुझाई और उसे इलाज के लिए सीएमसी अस्पताल दाखिल कराया। थाना कोतवाली पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
माडल टाउन निवासी गोबिंदप्रीत सिंह घर से एक्टिवा पर सवार होकर निकला था। उसने सलेम टाबरी अपने किसी रिश्तेदार के घर जाना था। दुगरी स्थित पेट्रोल पंप से तेल डलवाया और वहां से निकल पड़ा। जब वह जगरांव पुल के पास एलीवेटिड रोड पर पहुंचा तो अचानक से उसकी एक्टिवा में आग लग गई। आग लगने से गोबिंदप्रीत करीब 30 फीसदी जल गया। घटना के समय गोबिंदप्रीत के कपड़ों में आग लग गई। वह तड़पता हुआ पुल पर काफी दूर तक भागता रहा। लोगों की मदद से उसके कपड़े फाड़कर निकाले गए। फिलहाल आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।