लुधियाना। फील्डगंज के कूचा (गली) नंबर दस में स्थित पुल्कित फैशन किंग में हुए अग्निकांड में की जांच में सामने आया है कि जिस कमरे में आग लगी, वहां पटाखों के साथ कपड़े भी रखे थे। कपड़ों के कारण आग तेजी से फैल गई। इस हादसे में साहिल सभरवाल की माैत हो गई थी।
साहिल सभरवाल लाइट कम ज्यादा होने पर इनवर्टर देखने ऊपर गोदाम में गए थे। इसी दौरान वहां आग लग गई और वह बाहर नहीं निकल पाए। इलाके के लोगों ने उन्हें खिड़की से आवाज़ें देते सुना। कुछ लोगों ने साहिल को नीचे कूदने के लिए भी कहा था। हालांकि, वह डर गए और दोबारा अंदर की ओर चले गए। इसके बाद आग और ज्यादा फैल गई। एक दीवार भी उनके ऊपर गिर गई जिससे उनकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद साहिल का शव परिवार को सौंप दिया गया। उनकी मौत के दुख में आसपास का पूरा बाजार बंद रहा। गऊशाला स्थित श्मशानघाट में उनका अंतिम संस्कार किया गया। थाना डिवीजन दो के पुलिस अधिकारी इंस्पेक्टर गगनप्रीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने 174 की कार्रवाई की है। शुरुआती जांच में पटाखों के साथ कपड़ों की मौजूदगी सामने आई है। पटाखों की मात्रा की जांच की जा रही है। इस मामले की जांच के लिए अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं। फोरेंसिक विशेषज्ञ और तकनीकी टीमें भी जांच में जुटी हैं। पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामले की बारीकी से जांच की जा रही है। जांच में कुछ सामने आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा, इलाके में पटाखों के अन्य भंडारण की तलाश शुरू की जा रही है। पुलिस यह सुनिश्चित करना चाहती है कि कहीं और अवैध रूप से पटाखे तो नहीं रखे गए हैं।