कुछ दिन पहले साहनेवाल के इलाके में मृत मिले जमालपुर निवासी प्रवीण कुमार की हत्या उसके पिता के संबंधों की वजह से की गई थी। उसकी हत्या उसके पिता की प्रेमिका ने अपनी बेटी, उसके प्रेमी और एक अन्य साथी के साथ मिल कर की थी।
मृतक प्रवीण के जीजा समराला निवासी अवतार सिंह की शिकायत पर थाना साहनेवाल की पुलिस ने जमालपुर निवासी नीलम देवी, उसके बेटी रेनू, रेनू के प्रेमी राजिंदर सिंह और उसके एक साथी गगनदीप सिंह के खिलाफ हत्या कर शव खुर्दबुर्द करने और साजिश में शामिल होने का मामला दर्ज किया है। सभी आरोपी गिरफ्त से बाहर हैं।
थाना साहनेवाल के एसएचओ इंस्पेक्टर अनिल कुमार भनौट ने कहा कि कुछ दिन पहले साहनेवाल इलाके से एक युवक का शव मिला था। बाद में युवक की पहचान प्रवीण कुमार के रुप में हुई। दो दिन बाद प्रवीण के जीजा अवतार सिंह ने पुलिस को बताया कि उसके ससुर के नीलम के साथ संबंध थे। उसकी सास की मौत के बाद नीलम कई सालों से उसके ससुर के साथ रह रही थी। प्रवीण इसे ठीक नहीं समझता था।
इसी वजह से प्रवीण की उनके साथ ठनी रहती थी। मरने से पहले प्रवीण को राजिंदर सिंह और गगनदीप सिंह अपने साथ ले गए थे। उसके बाद ही प्रवीण का शव सड़क किनारे मिला है। अवतार सिंह ने आरोप लगाया था कि इन सभी ने मिलकर ही प्रवीण की हत्या की है और शव को खुर्द बुर्द करने के लिए शव फेंक दिया।