लुधियाना। मां के बीमार होने और रात को पिता के ड्यूटी पर जाने के बाद बच्चों की देखभाल के बहाने एक व्यक्ति ने अपने दोस्त की नाबालिग बेटी से दुष्कर्म किया। आरोपी ने बच्ची को धमकियां दी कि वह इस बारे में किसी को न बताए। जब बच्ची के पेट में दर्द हुआ तो परिजन उसे डाक्टर के पास ले गए। जहां पता चला कि नाबालिग गर्भवती है। पुलिस ने पीड़िता की मां की शिकायत पर प्रीतम कालोनी निवासी सुरेश कुमार के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पीड़िता की मां ने पुलिस को शिकायत दी है कि वह अक्सर बीमार रहती है और पति एक कंपनी में काम करते हैं। बीमार होने के कारण वह ज्यादा उठ नहीं सकती थी और पति रात को काम पर चले जाते थे। आरोपी पीड़िता के पिता का दोस्त था। इस कारण घर पर अक्सर आता-जाता था और बच्चों का ध्यान भी वही रखता था। इसका फायदा उठाकर आरोपी ने नाबालिग से कई बार दुष्कर्म किया। आरोपी ने उसे धमकियां दीं कि वह किसी को कुछ न बताए। कुछ दिन पहले नाबालिग के पेट में दर्द हुआ तो परिजनों ने उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। जहां पता चला कि वह गर्भवती है। जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर जगदीप सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी अभी पुलिस गिरफ्त से बाहर है। पीड़िता की मेडिकल जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।