लुधियाना। भाकियू पंजाब ने सूबे की मंडियों में धान की खरीद बंद होने और किसानों को फसल का भुगतान नहीं मिलने पर राज्य सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई है।
यूनियन ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने 18 नवंबर तक गन्ने के भाव में बढ़ोतरी नहीं की तो 20 नवंबर से प्रदेशभर में बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा। यह फैसला यूनियन की मासिक बैठक में लिया गया। बैठक यूनियन के प्रदेश प्रधान हरिंदर सिंह लक्खोवाल की अध्यक्षता में लुधियाना स्थित मुख्य कार्यालय में हुई। इसमें कार्यकारिणी सदस्यों और जिला प्रधानों ने हिस्सा लिया।खाद और गन्ने के दाम पर रोष
बैठक में एनपीके खाद की कीमत में दो महीने के भीतर 500 रुपये प्रति क्विंटल की नई बढ़ोतरी पर रोष जताया गया। अगस्त में भी खाद के दाम 1100 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ाए गए थे। डीएपी की कमी से किसान गेहूं की बोआई में एनपीके का उपयोग कर रहे हैं। यूनियन ने सरकार से सब्सिडी बढ़ाकर कीमतें नियंत्रित करने की मांग की। गन्ने की पेराई का सीजन शुरू होने वाला है, पर पंजाब सरकार ने अभी तक भाव नहीं बढ़ाए हैं, जबकि पड़ोसी राज्यों में कीमतें बढ़ चुकी हैं।
ऋण सीमा और अन्य मांगें
मुख्तियार सिंह दीना और अन्य ने सहकारी समितियों में किसानों की ऋण सीमा नए सिरे से बनाने पर चिंता जताई। उन्होंने इसे वापस लेने और एकमुश्त निपटान योजना दोबारा लागू करने की मांग की। मौजूदा कर्ज सीमा बिना अतिरिक्त बोझ के जारी रखने की भी मांग की गई। यूनियन ने लावारिस पशुओं पर सख्त कानून बनाने और पंजाब में पोस्त की खेती की अनुमति देने की मांग भी उठाई। बैठक में नशों के खिलाफ संघर्ष करने वाले परमिंदर सिंह झोटा को श्रद्धांजलि दी गई।