सुनाम की अनाज मंडी में रिहर्सल के दौरान खड़े ट्रैक्टर।
- फोटो : SANGOOR
सुनाम ऊधम सिंह वाला (संगरूर)। गणतंत्र दिवस पर दिल्ली में किसान संगठनों की प्रस्तावित ट्रैक्टर परेड के लिए वीरवार को भारतीय किसान यूनियन एकता उगराहां के नेतृत्व में किसानों ने रिहर्सल की। सुनाम की नई अनाज मंडी में सैकड़ों ट्रैक्टरों के साथ बड़ी संख्या में किसान पहुंचे।
यूनियन के महासचिव रामशरण सिंह के नेतृत्व में ट्रैक्टरों का काफिला चीमा मंडी, तोलावाल, जखेपल, उगराहां, मौजोवाल, मेदेवास, छाजला और छाजली गांव में पहुंचा। पड़ाव दर पड़ाव ट्रैक्टरों का काफिला विशाल होता गया। अंतिम पड़ाव गांव छाजली में ट्रैक्टरों की संख्या पांच सौ के पार पहुंच गई। किसान प्रतिनिधि रामशरण सिंह, भगवान सिंह, परविंदर सिंह, रिंपा कनकवाल, सौदागर सिंह, रोही सिंह, परमजीत सिंह, भूपिंदर सिंह, सरवन सिंह ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि किसानों की एकमात्र मांग है कि नए कृषि कानूनों को रद्द किया जाए। उक्त कानून किसी भी लिहाज से किसानों समेत सभी वर्गों से हक में नहीं हैं। 26 जनवरी को किसान दिल्ली में ट्रैक्टर परेड करेंगे। 23 जनवरी को किसान अपने ट्रैक्टरों के साथ दिल्ली रवाना होंगे।