बठिंडा। कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली के बार्डरों पर चल रहे किसान आंदोलन में शामिल होने की अपील करते हुए किसानों ने सोमवार को मिनी सचिवालय से बाइकों पर जागरूकता मार्च निकाला। यह मार्च शहर के अलग-अलग बाजारों से गुजरता हुआ सचिवालय में वापस आकर समाप्त हुआ।
भारतीय किसान यूनियन एकता उगराहां के नेता जसवीर सिंह, भारतीय किसान यूनियन सिद्धूपुर के नेता दर्शन ने कहा कि वह केंद्र सरकार एवं कृषि कानूनों के खिलाफ लगातार आम लोगों एवं किसानों को जागरूक कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि शहर के लोगों को जागरूक करने के लिए बाइकों पर जागरूकता मार्च निकाला गया। इसके अलावा उन्होंने मीडिया से बात करते हुए किसानों को अपील की कि वे अपने अपने गांव से टीमें बनाकर दिल्ली में चल रहे किसान आंदोलन में शामिल हों।
किसान नेताओं ने कहा कि जब तक कृषि कानून वापस नहीं होते तब तक आंदोलन जारी रहेगा। किसानों के बाइक मार्च को देखते हुए जिला पुलिस प्रशासन की तरफ से मिनी सचिवालय के समीप सुरक्षा के लिहाज से पुलिस फोर्स को तैनात किया गया था।