लोहड़ी पर बारिश का इंतजार भी खत्म हुआ। बुधवार तड़के बारिश होने से मायूस हो रहे किसानों के चेहरे खिल गए।
शहर
में 16 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई। मौसम विभाग के माहिरों का कहना है
कि आने वाले 24 घंटों के दौरान भी आसमान पर बादल छाए रहेंगे और कहीं कहीं
बारिश होने का अनुमान है। चालू सीजन के दौरान सूखे जैसे हालात बने हुए हैं।
दिसंबर माह में जहां चार से पांच वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के चलते बारिश
पड़ती है, वहीं इस बार दिसंबर में केवल एक ही वेस्टर्न डिस्टर्बेंस आया।
कम
बारिश के कारण दिन का अधिकतम तापमान लगातार बीस डिग्री सेल्सियस से ऊपर
बना रहा, जिनसे सर्दी में भी गर्मी का अहसास कराया। कम बारिश और धुंध न
पड़ने के कारण गेहूं की फसल पर इसका विपरीत असर देखा जा रहा था। इससे किसान
के चेहरों पर परेशानी दिखाई दे रही थी।
मंगलवार से ही शहर में
अच्छी हवा चल रही थी। देर रात आसमान में घने बादल छा गए। तड़के तेज हवा के
झोंकों के बाद बारिश शुरू हो गई। बुधवार को शहर में 16 मिलीमीटर बारिश
रिकार्ड की गई। दिन भर बादलों एवं सूर्य में लगातार आंख मिचौली चलती रही।
बारिश होने से किसानों ने राहत की सांस ली है। बुधवार को शहर में अधिकतम
तापमान 17.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया
गया।
नमी की मात्रा 74 से 86 फीसदी तक रही। भारतीय किसान यूनियन
एकता के महासचिव सुखदेव सिंह का कहना है कि सूखे को लेकर चिंतित किसान को
बारिश ने राहत दी है। उन्होंने कहा गेहूं को अभी और बारिश और ठंडक की जरूरत
है।