संगरूर। कृषि कानूनों के खिलाफ किसान आंदोलन में शामिल अमरगढ़ के नजदीकी गांव रामपुर छन्ना के किसान की मंगलवार सुबह दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। पूर्व सरपंच जतिंदर सिंह रामपुर छन्ना ने बताया कि गांव रामपुर छन्ना निवासी संदीप कुमार (30) लंबे समय से भारतीय किसान यूनियन एकता उगराहां के साथ जुड़ा हुआ था। वह 1 फरवरी को गांव के जत्थे के साथ किसान आंदोलन में शामिल होने के लिए दिल्ली गया था। 2 फरवरी को सुबह 1 बजे के करीब उसे दिल का दौरा पड़ गया। उसे बहादुरगढ़ के सिविल अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। संदीप कुमार के परिवार के पास 2 एकड़ जमीन है। उसका अंतिम संस्कार गांव रामपुर छन्ना में 3 फरवरी को किया जाएगा।