पंजाब की अलग-अलग जत्थेबंदी आ रही परिवार के समर्थन में, प्रशासन के पास सिर्फ आश्वासन
भारत भूषण मित्तल - संवाद
बठिंडा। जिले के दयालपुरा मिर्जा गांव में एक परिवार पिछले चार दिन से पानी की टंकी पर डटा है। यह विरोध 100 साल पहले सरदारों द्वारा दान की गई करीब 8 एकड़ जमीन के विवाद को लेकर है। आरोप है कि गांव की मौजूदा महिला सरपंच ने यह जमीन अपने नाम करवा ली है। इसमें उसके बेटे और अन्य साथी भी शामिल हैं।
परिवार अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहा है। टंकी पर बैठे मंजीत ने बताया कि वे अपनी जमीन का हक लेने के लिए चढ़े हैं। उन्होंने कहा कि दिन जल्दी बीत जाते हैं पर रातें लंबी होने से कई बार नींद खुल जाती है। इसके बावजूद वे अपने हक के लिए आखिर तक संघर्ष करेंगे। मंजीत सिंह ने बताया कि उनके परिवार के कई सदस्य टंकी के नीचे भी धरने पर बैठे हैं। बुधवार को पंजाब की अलग-अलग जत्थेबंदी के नेता परिवार के समर्थन में पहुंचे। उन्होंने परिवार का समर्थन करने का एलान किया। इससे पहले अकाली दल वारिस पंजाब के नेता लक्खा सिंह और पूर्व अकाली नेता गुरप्रीत सिंह मालुका भी मिले थे। उन्होंने पूरे मामले की जानकारी ली और परिवार का समर्थन किया।
प्रशासन का आश्वासन
पिछले चार दिनों से रामपुरा के एसडीएम और तहसीलदार परिवार के संपर्क में हैं। वे टंकी पर चढ़े और नीचे बैठे परिवार से बातचीत कर रहे हैं। मंजीत का कहना है कि प्रशासन केवल आश्वासन पर आश्वासन दे रहा है। परिवार आश्वासन नहीं, बल्कि मामले का हल और जमीन नाम करवाने वालों पर कार्रवाई चाहता है।
आगामी समर्थन
टंकी पर चढ़े परिवार के सदस्यों के अनुसार वीरवार को भाना सिद्धू पहुंच सकते हैं। उनके साथ अन्य समाजसेवी भी परिवार के समर्थन में आ सकते हैं। किसान यूनियन के नेता भी इस विरोध प्रदर्शन में शामिल हो सकते हैं। तहसीलदार रणजीत सिंह ने कहा कि प्रशासन की परिवार से बातचीत जारी है। उन्होंने बताया कि यह पूरा मामला जांच का विषय है, जांच के बाद ही सच्चाई सामने आएगी।