संवाद न्यूज एजेंसी
लुधियाना। चैंबर ऑफ इंडस्ट्रियल एंड कमर्शियल अंडरटेकिंग्स (सीआईसीयू) की बिजनेस नेटवर्किंग ग्रुप (बीएनजी) ने मंगलवार को एक बैठक आयोजित की। इसमें उद्यमियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के व्यावहारिक इस्तेमाल की जानकारी दी गई। सत्र में बताया गया कि एआई से कारोबार के लिए आकर्षक तस्वीरें, वीडियो और मार्केटिंग सामग्री तैयार की जा सकती है।
मनकू के प्रबंध निदेशक जय इंदर पाल मनकू ने सत्र का संचालन किया। उन्होंने लाइव डेमो के माध्यम से एआई टूल्स के उपयोग समझाए। बताया गया कि सामान्य विचारों को प्रभावशाली विजुअल और व्यावसायिक सामग्री में कैसे बदला जा सकता है। उद्यमियों को अपनी प्रस्तुतियों को पेशेवर बनाने के तरीके बताए गए। इससे वे ग्राहकों के सामने उत्पादों व सेवाओं को बेहतर ढंग से प्रस्तुत कर सकेंगे। मार्केटिंग, ग्राहक संवाद और व्यावसायिक सौदेबाजी में भी इन तकनीकों के इस्तेमाल पर जोर दिया गया। सीआईसीयू के महासचिव हनी सेठी ने कहा कि इन तकनीकों को कारोबार में लागू करने से ही वास्तविक लाभ मिलेगा। उन्होंने सदस्यों से एआई टूल्स का इस्तेमाल शुरू करने का आह्वान किया। सीआईसीयू के वित्त सचिव अजय भारती ने भी नई तकनीक अपनाने को जरूरी बताया। उन्होंने कहा कि नेटवर्किंग और सीखने से दीर्घकालीन विकास में मदद मिलती है।