संवाद न्यूज एजेंसी
बठिंडा। जिले के गांव कोठा गुरुका में वीरवार रात बिजली जाने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। इसके बाद एक पक्ष ने दूसरे पक्ष से
संबंधित बुजुर्ग चमकौर सिंह के सिर पर तेजधार हथियारों से हमला करके उसकी हत्या कर दी और उसके पुत्र कश्मीर सिंह को गंभीर घायल कर दिया।
घटना के बाद मौके पर पहुंची थाना भगता दयालपुरा पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी और घायल के बयान पर जोगिंदर सिंह और बिट्टू समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। बुजुर्ग चमकौर सिंह अपने पुत्र कश्मीर सिंह एवं परिवार समेत गांव की एक काॅलोनी में रहता था, जहां पर वीरवार देर रात को अचानक लाइट चली गई तो वे लाइट वाले खंभे के पास चले गए। इसी दौरान वहां पर ही जोगिंदर सिंह और बिट्टू भी पहुंच गए। वहां दोनों पक्षों में विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि जोगिंदर एवं बिट्टू ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर बुजुर्ग चमकौर सिंह के सिर पर गंडासे एवं तेजधार हथियार से वार करके उसकी हत्या कर दी और बचाव के लिए आगे आए बुजुर्ग के पुत्र कश्मीर सिंह पर भी हमला करके उसे गंभीर कर दिया। उसे उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में दाखिल करवाया गया।
थाना दयालपुरा भगता के जांच अधिकारी तरसेम सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने घायल कश्मीर सिंह के बयान पर जोगिंदर सिंह एवं बिट्टू समेत अन्य लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज करके अगली कार्रवाई शुरू कर दी है।