संवाद न्यूज एजेंसी
जगरांव। सरकारी अस्पताल से इलाज के दौरान भागे नशा तस्कर सुक्खा को थाना सिटी की पुलिस ने दबोच लिया। आरोपी कोठे खजूरा के सेम नाले पुल के पास छिपा बैठा था। सूचना मिलते ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में बस स्टैंड चौकी में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
बस स्टैंड चौकी के इंचार्ज शमिंदरजीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने नशा तस्करी के आरोप में दो तस्करों को गिरफ्तार किया था। शुक्रवार को आरोपी सुक्खा को मेडिकल जांच के लिए सरकारी अस्पताल लाया गया। इस दौरान आरोपी ने खुद को बीमार बताया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कर ग्लूकोज़ चढ़ाया और इंजेक्शन लगाए। ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मी इमरजेंसी वार्ड के बाहर बैठे रहे। आरोपी की तबीयत में सुधार हुआ, तो वह इमरजेंसी वार्ड में बनी एक छोटी खिड़की से छलांग लगाकर भाग निकला। पुलिस कर्मियों ने उसका पीछा भी किया लेकिन तब तक वह काफी दूर निकल चुका था। पुलिस ने पूरी रात सर्च ऑपरेशन चलाया। बाद में सूचना मिली कि आरोपी कोठे खजूरा के सेम नाले पुल के पास छिपा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को काबू कर लिया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।