महिंदरा पिकअप गाड़ी में सवार अज्ञात लुटेरे सोमवार की सुबह चार बजे ट्रक चालक को अगवा करके एक ट्रक में भरी 90 बोरी बासमती धान की लूट ली और फरार हो गए।
इस दौरान लुटेरों ने ट्रक चालक के साथ मारपीट भी की। उधर, ऐसी घटनाओं को लेकर समूह ट्रक आपरेटरों ने शाम को ट्रक यूनियन के सामने सड़क पर धरना लगाकर रोष प्रदर्शन किया।
वह ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग कर रहे थे। तेज सिंह पुत्र जसकौर सिंह निवासी गांव माहूआना ने बताया कि उसने जलालाबाद जाने के लिए बासमती धान का ट्रक लोड किया था।
वह रविवार की रात को पेट्रोल पंप पर सोया हुआ था। सुबह करीब चार बजे एक महिंदरा पिकअप गाड़ी में सवार सात आठ लोगों ने उसे जबरन उठाकर अपनी गाड़ी में फेंक लिया।
इसके बाद एक लुटेरा ट्रक को चलाने लगा। लुटेरों ने गांव झोरड़ के निकट ट्रक को रोक लिया और उसमें से 90 बोरी धान की एक अन्य वाहन में भरकर फरार हो गए।
इस दौरान उन्होंने उससे मारपीट कर उसे वहीं पर फेंक दिया। इस उपरांत उसने किसी तरह मलोट पहुंचकर इस घटना की पुलिस को जानकारी दी।
थाना सदर के प्रभारी परमजीत सिंह ने बताया कि पुलिस इस मामले में कार्रवाई कर रही है। उधर, प्रदर्शन दौरान ट्रक यूनियन के नेता राम सिंह कलसी ने बताया कि कुछ दिन पहले भी लुटेरे एक ट्रक से 70 बोरी धान लूटकर फरार हो गए थे। पुलिस ऐसे मामलों के साथ सख्ती के साथ नहीं निपट रही।
ट्रक चालकों में लूट की ऐसी घटनाओं को लेकर दहशत का माहौल बना हुआ है। खबर लिखे जाने तक जाम लगा हुआ था।