घरवालों की बिना रजामंदी शादी रचाने वाले युवक-युवती लुधियाना अदालत में सुरक्षा के लिए पहुंचे थे। इस दौरान दोनों के परिवार भी वहां पहुंच गए। लड़की वालों ने युवक पर आरोप लगाते हुए उसके साथ मारपीट कर दी। इससे वहां काफी देर तक जमकर हंगामा हुआ।
पंजाब की लुधियाना जिला अदालत में फिल्मी अंदाज में ढिशूम-ढिशूम हुई। लुधियाना कोर्ट कांप्लेक्स में सोमवार दोपहर को उस समय हंगामा हो गया जब घर से परिवार वालों की बिना रजामंदी से शादी करने वाले युवक-युवती ने कोर्ट से प्रोटेक्शन की मांग की तो वहां दोनों के परिवार वाले इकट्ठा हो गए।
विज्ञापन
इस दौरान युवती के परिवार वालों ने युवक के साथ हाथापाई की और उसके साथ मारपीट की। वहां मौजूद पुलिस कर्मचारियों ने दोनों को किसी तरह से बचाया और उन्हें अदालत के अंदर भेजकर खुद गेट के बाहर खड़े हो गए ताकि कोई भी अदालत के अंदर न घुस सके। इसी दौरान चौकी कोर्ट कांप्लेक्स की पुलिस भी पहुंच गई। इसके बाद वहां काफी हंगामा हुआ। विवाद इतना बढ़ गया कि पुलिस ने काफी मुश्किल से माहौल को शांत किया और युवक-युवती को वहां से भेजकर सभी को भेजा।
जानकारी के अनुसार गांव कूमकलां के एक युवक ने इलाके की रहने वाली युवती के साथ प्रेम विवाह किया था। परिवार वालों की बिना रजामंदी के शादी करने के बाद वह घर से भागे हुए थे। दोनों ने सेशन कोर्ट से प्रोटेक्शन की अर्जी लगा रखी थी। सोमवार को दोनों ने कोर्ट में पेश होना था। इसी दौरान युवती के परिवार वालों को पता चला गया कि वह कोर्ट जा रहे है। जब वह कोर्ट पहुंचे तो लड़की के परिवार ने युवक के साथ धक्का-मुक्की शुरू कर उसे पीट दिया। इसी दौरान दोनों के शोर मचाने पर वहां मौजूद पुलिस कर्मचारियों ने दोनों को मुश्किल से निकाला और अदालत के अंदर भेज दिया। इसके बाद पुलिस मुलाजिम खुद भी गेट के आगे खड़े हो गए।
विज्ञापन
कोर्ट के बाहर हंगामा होने की सूचना मिलने के बाद भारी मात्रा में पुलिस फोर्स वहां पहुंच गई। युवती के परिजनों ने आरोप लगाया कि जबरदस्ती उनकी बेटी को घर से उठाकर शादी की गई है। इसी दौरान लड़की के पिता ने खुद का गला दबा लिया और वहां मरे होने की एक्टिंग करने लगा। जब वहां शोर मचा दिया कि उन्हें मार दिया गया। जब पुलिस ने एंबुलेंस बुलाई तो व्यक्ति खुद ही खड़ा होकर वहां से चला गया।
चौकी कोर्ट कांप्लेक्स के इंचार्ज एएसआई सुखपाल सिंह ने सभी को समझाकर भेज दिया था। जो व्यक्ति खुद के मरे होने की एक्टिंग कर रहा था वह भी कुछ समय बाद खुद ही चला गया।