महानगर के विकास की गाड़ी को ओर तेज भगाने के लिए नगर निगम अपनी सरकारी जमीनों की नीलामी करेगा। इन पैसों से निगम शहर के विकास कार्यों में ओर तेजी लेकर आएगा। नगर निगम ने नौ दिसंबर को लोधी क्लब रोड स्थित दस शॉप कम ऑफिस और गांव सुनेता में दस रिहायशी प्लाटों की बोली रखवाई है। निगम अधिकारियों की माने तो निगम इस बोली से 20 से 22 करोड़ रुपये इकट्ठा करने की उम्मीद में है।
निगम का खजाना बिल्कुल खाली है। वैट की किस्त आने के बाद ही निगम अधिकारियों को तनख्वाह दी जाती है। इस हालात में शहर में चल रहे विकास कार्यों को चलाए रखना काफी मुश्किल था। ऐसे में नगर निगम ने अपने खाली पड़ी जगहों को बेचकर अपना गुजारा करने की योजना तैयार की है।
निगम ने लोधी क्लब रोड में बने हुए दस एससीओ की बोली रखी है। इससे पहले ही इन एससीओ की बोली की गई थी। एक एससीओ सौ गज का है और इसकी कीमत एक लाख 70 हजार रुपये प्रति गज रखी गई है। इसके अलावा गांव सुनेता में रिहायशी प्लाट 125 गज से 200 गज तक हैं। इनकी कीमत 21 हजार रुपये प्रति गज रखी गई है। इन सब की नीलामी कर निगम ने करोड़ों रुपये इकट्ठा करने की आस लगाई है।
नगर निगम ने एससीओ और रिहायशी प्लाटों की बोली रखी है। जिससे अच्छा रिस्पांस मिलने की आस है। इससे इकट्ठा होने वाले पैसे को शहर के विकास कार्यों के लिए खर्च किया जाएगा।
हरचरण सिंह गोहलवढ़िया, मेयर, लुधियाना