संवाद न्यूज एजेंसी
लुधियाना। यूनाइटेड आयुर्वेदिक ड्रग्स मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन पंजाब ने ई-औषधि पोर्टल पर आ रही तकनीकी और प्रक्रियात्मक दिक्कतों के समाधान के लिए एक कार्यशाला आयोजित की। इसमें पंजाब के विभिन्न क्षेत्रों से करीब 30 आयुर्वेदिक औषधि निर्माता और उनके प्रतिनिधि शामिल हुए। कार्यशाला में निर्माताओं ने पोर्टल से जुड़ी समस्याएं साझा कीं और विशेषज्ञों ने उनके समाधान बताए।
आयुर्वेद, पंजाब के संयुक्त निदेशक रमन खन्ना ने मुख्य अतिथि के रूप में कार्यशाला का उद्घाटन किया। उन्होंने निर्माताओं से संवाद किया और पोर्टल के इस्तेमाल पर मार्गदर्शन दिया। एसोसिएशन के सचिव बृजेश बांगड़ ने पोर्टल पर दस्तावेज अपलोड करने और स्थिरता डेटा की कठिनाइयों पर प्रस्तुति दी। उन्होंने इन समस्याओं से निपटने के व्यावहारिक समाधान भी बताए। संरक्षक राजेश थापर, अध्यक्ष दविंदर भाटिया और कोषाध्यक्ष राकेश बस्सी ने कार्यशाला का उद्देश्य स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि पोर्टल की प्रक्रिया को सरल और उद्योग के लिए व्यावहारिक बनाना आवश्यक है।
उपाध्यक्ष हितेश दुआ, प्रभप्रीत सिंह, सुधीर सैनी और अर्श बस्सी सहित अन्य सदस्यों ने कार्यशाला में अपने अनुभव साझा किए। प्रश्नोत्तर सत्र में प्रतिभागियों को अपनी समस्याएं सीधे विशेषज्ञों और विभागीय अधिकारी के समक्ष रखने का अवसर मिला। प्रतिभागियों ने कहा कि ऐसी कार्यशालाओं से उद्योग और विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होता है। अध्यक्ष दविंदर भाटिया ने कहा कि निर्माताओं के मार्गदर्शन के लिए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।