गृह मामलों की संसदीय स्थायी समिति के सदस्य और लुधियाना के सांसद रवनीत सिंह बिट्टू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से नई दिल्ली-लुधियाना हवाई सेवा बहाल करने के लिए दखल देने की मांग की है। हवाई सेवा को हाल ही में लोकसभा चुनाव के बाद बंद कर दिया गया था।
मोदी को लिखे पत्र में बिट्टू ने कहा कि लुधियाना को पंजाब की औद्योगिक राजधानी के रूप में जाना जाता है। जहां चलने वाली हजारों मीडियम व स्माल स्केल इकाइयां इसे उत्तर भारत का औद्योगिक हब बनाती हैं। 2009 में इंटरनेशनल फाइनेंस कमिशन ने लुधियाना को देश में बिजनेस करने के लिए बेहतर जगह का दर्जा दिया था। जिसकी पुष्टि पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ने भी की थी।
इसके बावजूद इस शहर की इंडस्ट्री का अन्य शहरों के साथ हवाई संपर्क न होना विकास में रुकावटें डाल रहा है। इस बात का जिक्र विश्व बैंक द्वारा जारी रिपोर्ट बिजनेस इन इंडिया 2009 में यह कहते हुए किया गया था कि लुधियाना बिजनेस करने को सबसे अच्छी जगह है, मगर इसका अभी तक राष्ट्रीय राजधानी से हवाई संपर्क नहीं है।
अब तक रविवार, सोमवार और बुधवार को सिर्फ एक फ्लाइट नई दिल्ली से लुधियाना तक उड़ती थी। हालांकि पिछले कुछ सालों में फ्लाइटों की संख्या बढ़ाने के लिए एयरपोर्ट पर जरूरी सुविधाएं मुहैया करवा दी गई हैं। लेकिन इसके विपरीत हाल ही में लोकसभा चुनाव के बाद एयर इंडिया ने चालू हवाई सेवा को भी पूरी तरह से बंद कर दिया है। बिट्टू ने मोदी को कहा कि आप ने हाल ही में लोकसभा चुनाव में प्रचार के दौरान लुधियाना को एक औद्योगिक नमूना बनाने के लिए सहायता देने का भरोसा दिया था।
ऐसे में लुधियाना से हवाई संपर्क न होना इस शहर को औद्योगिक हब बनाने संबंधी हमारे सपने को पूरा नहीं कर सकता। इस सपने को बचाने के लिए उन्होंने मोदी से दखल देते हुए जनहित में कम-से-कम नई दिल्ली से साहनेवाल एयरपोर्ट तक सुबह के समय उड़ने वाली रेगुलर फ्लाइट को दोबारा शुरू करवाने की अपील की है।