स्थानीय बीड तलाब रोड पर नकली फीड खाने से डेयरी संचालकों के 11 पशुओं की मौत हो गई। वहीं 13 पशु बीमार पड़ गए। वहीं मामला ध्यान में आते ही डेयरी विभाग ने उक्त फीड के सैंपल ले लिए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
बीड तलाब रोड पर डेयरी चलाने वाले बिट्टू ने बताया कि वह सिरकी बाजार में स्थित रजत फीड स्टोर से अपने पशुओं के लिए फीड खरीदते थे। उन्होंने बताया कि दो दिन पहले जब उन्होंने अपने पशुओं को दुध वर्षा फीड खिलाई तो कुछ समय के बाद ही उसके तीन पशु बीमार हो गए और थोड़ी में उनकी मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि इसके अलावा उनके साथी डेयरी संचालक संदीप सिंह के पांच और सुखविंदर सिंह के तीन पशुओं की कुछ दिन पहले इसी फीड के खाने से मौत हो चुकी है। उन्होंनेे बताया कि मृतक पशुओं के अलावा विभिन्न डेयरी संचालकों के 13 पशु उक्त फीड खाने से बीमार पड़ गए हैं।
डेयरी संचालक ने आरोप लगाते हुए कहा कि जब इस बारे में रजत फीड स्टोर के संचालक राजेश कुमार को कहा गया तो वह अपनी फीड उठाकर भाग गया।
वहीं सूचना मिलने पर पहुंचे डेयरी विभाग के अधिकारियों ने तीन वेटरिनरी डॉक्टरों डा. परमपाल सिंह, डॉ. मुनीष और डॉ. कुलजीत सिंह की अगुवाई में मृतक पशुओं का पोस्टमार्टम करवाया और मौके से बरामद फीड के सैंपल लिए गए। डॉ. जसकिरत सिंह का कहना था कि सभी पशुओं की मौत नकली फीड खाने से हुई है।
इस संबंधी जब फीड दूध वर्षा के अधिकारी अशोक कुमार से बात की गई तो उन्होंने कहा कि यह मामला उनके ध्यान में नहीं है। थाना केनाल पुलिस के प्रभारी हरप्रीत सिंह का कहना है कि वह मामले की जांच कर रहे हैं। वह डेयरी विभाग की रिपोर्ट आने के बाद ही अगली कार्रवाई करेंगे।