सूबा सरकार की तरफ से बठिंडा की शान कहे जाने वाले थर्मल प्लांट को पुडा के हवाले किए जाने के विरोध में एक बुधवार को सुबह एक किसान गांव चीमा जिला संगरूर से थर्मल के गेट आगे पहुंचा। कुछ देर बाद ही किसान जोगिंदर सिंह का थर्मल गेट के आगे शव मिला। शव के पास से मिली एक तख्ती पर श्री गुरुनानक देव की फोटो तले लिखा हुआ है कि थर्मल बेचने के विरोध में मैं करता हूं अपनी जिंद कुर्बान।
मृतक के बेटे कुलविंदर सिंह ने कहा कि पिता की मौत के असल कारण पोस्टमार्टम के बाद पता चलेगा। वहीं भारतीय किसान यूनियन एकता उग्राहा के नेता शिंगारा सिंह मान अपनी जत्थेबंदी के सदस्य के शव पास से मिली तख्ती पर लिखे शब्दों को पढ़कर खुदकुशी किए जाने का दावा कर रहे हैं। मृतक किसान के बेटे कुलविंदर सिंह ने फोन पर बताया कि उसके पिता जोगिंदर सिंह चार एकड़ जमीन के मालिक थे। वह भारतीय किसान यूनियन एकता उग्राहा के साथ जुडे़ थे।
मंगलवार को उसके पिता यूनियन के साथ धरना देने के लिए सुनाम गए थे। बुधवार की सुबह उसे बठिंडा पुलिस ने सूचना दी कि उसके पिता का शव थर्मल गेट के समीप बरामद हुआ है। उसने बताया कि उसके पिता कई बार घर में भी उससे बात करते थे कि श्री गुरु नानक देव के नाम पर बने थर्मल प्लांट को सरकार ने पुडा के हवाले कर बठिंडा की शान को खत्म करने के साथ गुरु के नाम को भी ठेस पहुंचाई है। कुलविंदर सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने से पहले वह कुछ नहीं कह सकता है।