पंजाब कृषि विश्वविद्यालय (पीएयू) के साइकिल वेलोड्रम में शनिवार को हीरो पंजाब स्टेट ट्रैक साइकिलिंग प्रतियोगिता 2013 का आयोजन किया गया। इसमें सूबे के तमाम जिले से करीब सौ खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता का उद्घाटन हीरो साइकिल के मैनेजिंग डायरेक्टर एसके राय ने किया।
इस दौरान राय ने कहा कि देश में साइकिलिंग को बढ़ावा देने के लिए सभी को अपना योगदान करना होगा।
प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग की स्प्रिंट में अमृतसर के अमरजीत सिंह ने पहला स्थान, गुरतेज ने दूसरा और लुधियाना के जगजीत सिंह ने तीसरा स्थान हासिल किया। इस महिला वर्ग में लुधियाना की बलजीत कौर ने पहला, अमृतसर की राजबीर कौर ने दूसरा और पीएयू की कर्मजीत कौर ने तीसरा स्थान जीता।
इसमें अंडर-18 वर्ग में लड़कों के मुकाबले में अमृतसर के आरपी सिंह पहले, पटियाला के गुरप्रीत सिंह दूसरे और लुधियाना के गगनवीर सिंह तीसरे स्थान पर रहे।
लड़कियों के वर्ग में पटियाला की एआई विर्क ने पहला, पीएयू की कर्मजीत कौर ने दूसरा और पीएयू की पवनीत कौर ने तीसरा स्थान हासिल किया।