लुधियाना की पहचान साइकिलिंग सिटी के तौर पर कराने के लिए हीरो साइकिल्स ने कमर कस ली है। रखबाग में साइकिलिंग ट्रैक बनाने के बाद अब कंपनी शहर के सभी पेडलर्स क्लबों को एक प्लेटफार्म पर लाने की कवायद में जुट गई है। इसके लिए 20 दिसंबर को रखबाग में पहला कार्यक्रम रखा गया है। यह जानकारी हीरो साइकिल्स लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर (वर्क्स) एसके राय ने शुक्रवार शाम रखबाग में आयोजित कांफ्रेंस में दी।
राय ने कहा कि कंपनी लोगों को सुरक्षित और सेफ साइकिलिंग के लिए माहौल और इंफ्रास्ट्रक्चर मुहैया कराने की दिशा में प्रयास कर रही है। इसके लिए जिला प्रशासन से भी लगातार तालमेल किया जा रहा है। शहर के सभी साइकिलिंग क्लबों को हर रविवार रखबाग में इकट्ठा करके उनके साथ मिलकर आगे का रोड मैप तैयार किया जाएगा। इस अवसर पर फिको के प्रधान गुरमीत कुलार, अशोक बावा, हर्ष मौदगिल, मनजिंदर सिंह, संदीप गांधी, दविंदर नागी और ज्योति गोयल समेत कई लोग मौजूद रहे।