लड़कियों के सरकारी कॉलेज में चल रही साइकिल, फिटनेस एक्सपो का पहले दो दिन में देश भर से 1500 से अधिक डीलरों ने दौरा किया है। आयोजकों का दावा है कि दो दिनों के दौरान करीब 300 करोड़ रुपये की व्यापारिक पूछताछ हुई है।
शनिवार को सांसद रवनीत सिंह बिट्टू ने एक्सपो का दौरा किया और उद्यमियों के इनोवेशन को करीब से देखा। दूसरे दिन प्रदर्शनी देखने के लिए करीब पंद्रह हजार लोग आए और हाईएंड साइकिलों के विभिन्न मॉडल्स के बारे में जानकारी हासिल की।
सांसद बिट्टू ने कहा कि इंडस्ट्री तेजी से ग्रो कर रही है। उद्यमियों ने सांसद को बताया कि एक प्रदर्शनी हॉल बनाने के लिए पचास लाख रुपये तक का खर्च आता है। हर साल लुधियाना में विभिन्न सेक्टर की बीस प्रदर्शनियों पर दस करोड़ रुपये केवल अस्थायी इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करने में लग जाते हैं। सांसद ने कहा कि पंजाब की औद्योगिक नगरी में एग्जीबिशन सेंटर की काफी जरूरत है। इसके लिए वे अपने स्तर पर प्रयास करेंगे और केन्द्र सरकार से इसके लिए फंड भी लाएंगे।
पंजाब में अफसरशाही के माहौल के चलते इंडस्ट्री काम नहीं कर पा रही। उन्होंने कहा कि अगले साल होने वाले विधानसभा के चुनावी घोषणापत्र में इंडस्ट्री को विशेष तवज्जो दी जाएगी। इसके लिए औद्योगिक संगठनों से सलाह ली जाएगी।
साढ़े आठ लाख की साइकिल पर सबकी निगाहें
एक्सपो में लांगशाइन ग्लोबल इंटरप्राइजेज की ओर से साढ़े आठ लाख की साइकिल डिस्पले की गई है। जर्मनी के फोकस ब्रांड की यह साइकिल कार्बन से बनी है। इसका फ्रेम, सीट और व्हील भी कार्बन के हैं। कंपनी के सेल्स मैनेजर सुनील नायर का कहना है कि इसमें तार की जगह सेंसर लगे हैं। इसके लिए सरम ई-टैब तकनीक का उपयोग किया गया है।
22 गियर वाले इस साइकिल के ब्रेक और गियर बदलने का काम सेंसर को निर्देश देने से होता है। नायर ने दावा किया कि अहमदाबाद में इस तरह की चार साइकिल बेची गई हैं। कंपनी देश में इनकी मार्केटिंग कर रही है। ये रेसिंग और रोड बाइक हैं। प्रतियोगिताओं में इनका उपयोग ज्यादा किया जाता है।
स्टॉल्स को सजाने में पुर्जों का उपयोग
साइकिल एक्सपो में उद्यमियों ने अपने स्टॉल्स को सजाने में साइकिल के पुर्जों का खूबसूरती के साथ उपयोग किया है। हीरो साइकिल्स ने अपने लोगो को पुर्जों से तैयार किया है। हीरो इको ने मेक इन इंडिया के शेर में साइकिल पुर्जे फिट किए हैं। इसके अलावा हीरो इको ने काली रोडस्टर साइकिल को गोल्डन रंग करके गोल्डन मैन के साथ दिखाया है।