संवाद न्यूज एजेंसी
लुधियाना। रेलवे स्टेशन के पास एक बुजुर्ग मजदूर से मोबाइल फोन और 1500 रुपये छीनकर भाग रहे बदमाश को राहगीरों ने पकड़ लिया। घटना के बाद आरोपी को यातायात पुलिस के हवाले कर दिया गया। यह वारदात रेलवे स्टेशन के व्यस्त इलाके में हुई।
बुजुर्ग ने बताया कि वह पास के एक भोजनालय में रोटी बनाने का काम करते हैं। काम खत्म कर निकलते ही एक युवक ने उन पर हमला किया। युवक ने उनका मोबाइल फोन और 1500 रुपये छीन लिए। उनके चिल्लाने पर आसपास के दुकानदारों और राहगीरों ने बदमाश का पीछा किया। लुटेरा रेलवे कॉलोनी के पास पकड़ा गया। भीड़ ने उसे तुरंत यातायात पुलिसकर्मियों को सौंप दिया। यातायात पुलिस ने आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित थाने को सूचित किया है।