थाना फोकल प्वाइंट इलाके के हरगोबिंद नगर में एक बेहड़े में बने कमरे में रखी पेटी से महिला का शव बरामद होने से सनसनी फैल गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को सिविल अस्पताल में रखवा दिया। प्राथमिक जांच और आसपास के लोगों से पूछताछ के आधार पर पुलिस को शक है कि उसके पति ने उसकी गला दबा कर हत्या की और शव को पेटी में रख कर फरार हो गया। महिला की पहचान मूल रूप से बिहार की रहने वाली ललिता देवी के रूप में हुई है।
उसका अपने पति से विवाद भी चल रहा था। थाना फोकल प्वाइंट थाना प्रभारी जतिंदरजीत सिंह का कहना है कि महिला के पर्स में एक मोबाइल नंबर मिला था जो उसके वकील का था। उसके वकील ने बताया कि ललिता ने अपने पति उमा शंकर, ससुर दुर्गा शंकर ठाकुर, सास बिहारू देवी, ननद के पति महिंदर ठाकुर व ननद इन्दु ठाकुर के खिलाफ दहेज उत्पीड़न के आरोप में अदालत में केस किया हुआ था।
अब तक की जांच में पता चला है कि ललिता व उमा शंकर यहां पर पिछले अढ़ाई वर्षों से रह रहे थे। पिछले करीब एक महीने पहले वे अपने गांव चले गए थे।
पड़ोसियों ने कहा कि उमा शंकर को अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था,जिस कारण इनका आपस में झगड़ा रहता था।
इनके कोई औलाद भी नहीं थी। झगड़े के कारण ही ललिता अपने मायके घर चली गई थी और उसने पति सहित ससुरालियों पर केस कर दिया था।
यह भी पता चला कि उमा शंकर गांव से अपनी पत्नी को बहला फुसला कर मना कर लुधियाना में 24 जुलाई को आया था। उसकी पत्नी पहले घर आई और बाद में वह खुद घर आया था।
रात को दोनों सो गये थे और सुबह उनका दरवाजा बंद था। लोगों ने सोचा कि शायद यह लोग दोबारा चले गए हैं। जिस कारण किसी ने उनकी और ध्यान नही दिया। लेकिन अब जब कमरे से बदबू आने लगी तो लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
जांच में पता चला है कि ललिता के शरीर पर मारपीट के भी निशान थे और उसका गला भी रेता गया था। उसी दिन से उसका पति भी घर से गायब है।